January 15, 2026 5:17 pm

मनरेगा बचाओ व माले नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर संयुक्त वाम दलों का कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

सोनभद्र। संयुक्त वाम दलों एवं खेत मजदूर यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मनरेगा योजना बचाओ, भाकपा (माले) नेताओं की रिहाई सहित अन्य मांगों को लेकर जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन व धरना दिया। भाकपा, माकपा, माले एवं उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्यमार्ग से जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए वाम दलों के वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) ग्रामीण खेत मजदूरों के लिए ऐतिहासिक योजना है, जिसे तत्कालीन यूपीए सरकार ने वामपंथी दलों की पहल पर लागू किया था। इससे करोड़ों ग्रामीण मजदूरों को काम की संवैधानिक गारंटी मिली थी। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार द्वारा मनरेगा को समाप्त कर उसकी जगह “विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)” (VB-GRAMG) लाकर मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए कानून में केंद्र व राज्य सरकारों के बीच बजट हिस्सेदारी में बदलाव से योजना के क्रियान्वयन पर संकट खड़ा हो जाएगा, जिसका सीधा नुकसान ग्रामीण मजदूरों को होगा। प्रमुख मांगें

  • VB-GRAMG अधिनियम को रद्द कर मनरेगा को पुराने स्वरूप में बहाल किया जाए
  • सभी ग्रामीण व खेत मजदूरों को वर्ष में 200 दिन काम व 600 रुपये प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी दी जाए
  • काम न मिलने पर मजदूरों को मुआवजा सुनिश्चित किया जाए
  • 55 वर्ष की आयु के बाद 10,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए
  • सभी ग्रामीण मजदूरों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जाए
  • बिजली के निजीकरण व स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाई जाए
  • खेत मजदूरों को आवास हेतु 15 डिसमिल भूमि व पक्का मकान के लिए 5 लाख रुपये दिए जाएं
  • जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों व मजदूरों के अधिकार बहाल किए जाएं

वक्ताओं ने मिर्जापुर में गैर-संवैधानिक तरीके से गिरफ्तार किए गए भाकपा (माले) उत्तर प्रदेश राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव, स्टैंडिंग कमेटी सदस्य कामरेड जीरा भारती सहित अन्य की बिना शर्त रिहाई तथा दोषी पुलिस व वन विभाग अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय मुद्दों पर राष्ट्रपति और स्थानीय मुद्दों पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा के पूर्व जिला सचिव कामरेड रामरक्षा ने की, जबकि संचालन माले नेता कामरेड कलीम ने किया। इस दौरान भाकपा जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा, माकपा जिला सचिव नंदलाल आर्य, माले नेता कामरेड नोहर भारती, खेत मजदूर यूनियन के बसावन गुप्ता, देव कुमार विश्वकर्मा, अमरनाथ सूर्य, बाबूलाल भारती, प्रेमनाथ, रामविलास कोल, कमली देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!