सोनभद्र (दुद्धी) दुद्धी टाउन क्लब मैदान पर सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने ओबरा को 4 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में टॉस जीतकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओबरा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए। ओबरा की ओर से मनीष ने शानदार 88 रनों की पारी खेली, जबकि रोशन और योगेश ने 33-33 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से योगेश और गयांशु ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 242 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में अरमान आलम ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 13 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 106 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं शुभम ने 63 रन बनाए। ओबरा की ओर से गेंदबाजी में दीपक और नीरज ने 2-2 विकेट झटके। इस शानदार जीत के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अरमान आलम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपना दल (एस) के विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल द्वारा प्रदान किया गया। मैच के निर्णायक की भूमिका में गौस मुहम्मद खान और इकबाल रहे। कमेंट्री जमी और ओमकार ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अयाज और अयान ने निभाई।
टूर्नामेंट का अगला मुकाबला मंगलवार को भभुआ और भदोही के बीच खेला जाएगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









