सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में सोमवार दोपहर घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बड़े भाई मोतीलाल ने छोटे भाई सोनू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी मोतीलाल को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सोनू पुत्र रामखेलावन और उसके बड़े भाई मोतीलाल के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। सोमवार को भी दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जिस पर सोनू ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और वापस लौट गई। परिजनों का आरोप है कि उस समय मोतीलाल शराब के नशे में था, लेकिन पुलिस उसे अपने साथ नहीं ले गई। पुलिस का कहना था कि नशे की हालत में आरोपी को तत्काल थाने ले जाना संभव नहीं था।बताया जा रहा है कि पुलिस के जाने के लगभग आधे घंटे बाद मोतीलाल और अधिक उग्र हो गया। गुस्से में आकर उसने चाकू उठाया और छोटे भाई सोनू पर हमला कर दिया। हमले में सोनू के दाहिने हाथ की हथेली पर गहरा घाव हो गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और घायल सोनू को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी मोतीलाल को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Author: Pramod Gupta
Hello









