सोनभद्र। सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को आहत करने एवं समाज में वैमनस्य फैलाने के एक गंभीर मामले में सोनभद्र पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 3 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि मुहम्मद कैफ पुत्र जावेद अली निवासी ग्राम खैराही थाना करमा द्वारा सोशल मीडिया के जरिए हिंदू समुदाय की युवतियों को डीएम में अश्लील एवं गाली-गलौज युक्त संदेश भेजे जा रहे हैं। साथ ही युवक द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणियाँ भी की जा रही थीं। प्रकरण की गंभीरता तथा इससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और थाना प्रभारी करमा को कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में थाना करमा पर मु0अ0सं0-04/2026, धारा 196(1) एवं 353(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मुहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष चालान कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी भी धर्म, समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को आहत करने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता नीति के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
Author: Pramod Gupta
Hello









