सोनभद्र/बीजपुर(विनोद गुप्त)म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडारी में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है।ग्रामीणों का आरोप है कि नियुक्त बीएलओ जमीनी स्तर पर घर-घर जाकर सर्वे करने के बजाय एक ही जगह बैठकर खानापूर्ति कर रहे हैं।इस कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।ग्रामीणों ने बताया कि बीएलओ द्वारा गांव में भ्रमण न किए जाने के कारण मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी हो रही है।जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा गया है। साथ ही कई पुराने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को भी इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद बीएलओ अपनी मनमानी पर उतारू हैं।पूर्व प्रधान धीरेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में एकजुट हुए ग्रामीणों ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इस दौरान रामकुमार,रामरूप, श्रीकेवल, विजय कुमार, धुले यादव, राजनरायन आदि ने संयुक्त रूप से बताया कि बीएलओ गांव के किसी भी टोले या मजरे में नहीं जा रहे हैं।एक स्थान पर बैठकर ही कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है जिससे सैकड़ों पात्र लोग अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित चुनाव पंजीकरण अधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द जांच की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते घर-घर जाकर सर्वे नहीं किया गया और छूटे हुए नामों को सूची में शामिल नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।








