सोनभद्र। जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ओबरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट व SC/ST एक्ट से जुड़े एक जघन्य अपराध का 30 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक घायल हो गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। दिनांक 2 जनवरी 2026 को थाना ओबरा पर दी गई लिखित तहरीर में पीड़िता की माता ने आरोप लगाया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री, जो मजदूरी के उद्देश्य से ग्राम भलुआ टोला में किराए के कमरे में रहती थी, के साथ 30 दिसंबर 2026 को राजगीर मिस्त्री पप्पू उर्फ बिंदू यादव ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर भलुआ टोला के पूरब स्थित पहाड़ी पर जबरन दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से पीड़िता व उसकी माता से तत्काल संपर्क कर काउंसलिंग, कानूनी सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। तहरीर के आधार पर थाना ओबरा पर मु0अ0सं0-08/2026 धारा 70(2), 351(3) बीएनएस, 3/4 पॉक्सो एक्ट व 3(2)(v) SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। लगातार दबिश के दौरान 03/04 जनवरी 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिल्ली मारकुंडी खदान क्षेत्र में घेराबंदी कर दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तीसरे करन डोम ने भागते समय पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।घायल के कब्जे से .315 बोर तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद होने पर थाना ओबरा में मु0अ0सं0-09/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। पप्पू उर्फ बिंदू यादव उम्र 30 वर्ष निवासी कनहरा थाना ओबरा, अर्जुन डोम उम्र19 वर्ष निवासी भलुआ टोला मलिन बस्ती थाना ओबरा, करन डोम उम्र 28 वर्ष निवासी सेक्टर-10 लंका कॉलोनी थाना ओबरा (घायल) इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ओबरा विजय कुमार चौरसिया सहित उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। थाना ओबरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









