सोनभद्र। जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं द्वारा भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, नारी मुक्ति आंदोलन की प्रणेता एवं महान समाजसेविका क्रांतिज्योति माता सावित्रीबाई फुले की जयंती शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम रावर्ट्सगंज स्थित सिंचाई डाक बंगला में आयोजित किया गया। जयंती समारोह का आयोजन पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकन्या कुशवाहा एवं संस्थापक व सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य (प्रदेश प्रमुख महासचिव, जन अधिकार पार्टी) ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं के लिए शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने दलितों और महिलाओं को शिक्षित करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देने, बाल विवाह का विरोध करने तथा सती प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। सत्यशोधक समाज के माध्यम से उन्होंने सामाजिक समानता और न्याय की मजबूत नींव रखी। विशिष्ट अतिथि सुमंत सिंह मौर्य (मंडल प्रभारी, वाराणसी) ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने वर्ष 1848 में पुणे (महाराष्ट्र) में महिलाओं के लिए पहला विद्यालय खोला और बाद में महिलाओं के लिए कुल 18 विद्यालयों की स्थापना की। शिक्षा के प्रसार के दौरान उन्हें भारी सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन वे अपने संकल्प से कभी विचलित नहीं हुईं और महिलाओं, पिछड़ों व आदिवासियों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य एवं मंडल सचिव श्रीपति विश्वकर्मा ने कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत में महिला शिक्षा और सशक्तिकरण की प्रतीक हैं। उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को तोड़कर समानता और न्याय की आवाज बुलंद की। समाजसेवा के साथ-साथ वे प्लेग पीड़ितों की सेवा में भी अग्रणी रहीं और इसी दौरान वर्ष 1897 में पुणे में उनका निधन हुआ, जो देश के लिए अपूरणीय क्षति थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर आज़ाद ने किया। जयंती समारोह में महिला प्रकोष्ठ की मंडल प्रभारी किरण कुशवाहा, जिला सलाहकार रामनारायण प्रजापति, लक्ष्मण सिंह, मुलायम मौर्य, अतुल प्रियदर्शी, मनोज कुमार, जय प्रकाश सिंह, सुभाष मौर्य, राकेश कुमार, चंद्रमा सिंह, बंशीलाल, डॉ. जय प्रकाश, बासुदेव, मोहम्मद आमीन, भागवत सिंह, बृजेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









