सोनभद्र। ग्राम पंचायत बघुआरी में निर्माणाधीन पीडीएस शॉप (सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान) का कार्य अचानक बंद कराए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार और सप्लाई इंस्पेक्टर ने निजी स्वार्थ के चलते आपसी मिलीभगत कर निर्माण कार्य रुकवा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पीडीएस शॉप गांव की घनी आबादी के बीच बनाई जा रही है, जिससे आम जनता को सुविधा मिलनी थी। इसके बावजूद बिना स्पष्ट कारण बताए निर्माण कार्य बंद करा दिया गया, जो जनहित के विपरीत है। वहीं ग्राम प्रधान पति अजीत कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर पीडीएस शॉप का निर्माण हो रहा है, वह पूरी तरह से सरकारी भूमि है। ऐसे में किसी को आपत्ति करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोटेदार द्वारा अनावश्यक आपत्ति दर्ज कराकर अधिकारियों से मिलीभगत करते हुए कार्य रुकवाया गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Author: Pramod Gupta
Hello









