– साहिबजादा जोरावर सिंह व फतेह सिंह की स्मृति में प्रदर्शनी का आयोजन
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राबर्ट्सगंज स्थित नगर पालिका सभागार में दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के छोटे पुत्रों साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की स्मृति में वीर बाल दिवस के अवसर पर जिला संगोष्ठी एवं उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद प्रभारी अनिल सिंह, सदर विधायक भूपेश चौबे एवं पूर्व सांसद रामशकल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ साहिबजादों के चित्र पर पुष्पार्पण कर किया गया, तत्पश्चात अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर अवलोकन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद ने की तथा संचालन जिला मंत्री/जिला संयोजक शंभू नारायण सिंह द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी अनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी ने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपने चारों पुत्रों का बलिदान दिया। उनके चारों साहिबजादे-अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह-देश को सर्वोपरि रखने की अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मुगल सत्ता की मजहबी कट्टरता के सामने भी साहिबजादों ने अपने धर्म से समझौता नहीं किया और अत्याचारों के बावजूद झुकने से इनकार कर दिया। यह शहादत आज भी राष्ट्र और समाज को प्रेरणा देती है। विशिष्ट अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि भारतीय इतिहास में साहिबजादा जोरावर सिंह और फतेह सिंह का बलिदान अद्वितीय है। सात और नौ वर्ष की अल्पायु में धर्म परिवर्तन से इंकार कर उन्होंने जिस साहस और दृढ़ता का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद ने कहा कि वीर बाल दिवस साहिबजादों के अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जिसने अत्याचारी शासकों को भी झकझोर कर रख दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, धर्मवीर तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष/कार्यक्रम सह संयोजक राकेश मेहता, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष/कार्यक्रम सह संयोजक कमलेश खांभे, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दूबे, उदयनाथ मौर्य, जिला महामंत्री कृष्णमुरारी गुप्ता, संतोष शुक्ला, मंडल अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, पुष्पा सिंह, बलराम सोनी, सौरभ शुक्ला, गुरुद्वारा सिंह सभा अध्यक्ष अजीत सिंह भंडारी, सचिव सरदार प्रीतपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









