– सीआईएसएफ कमांडेंट के नेतृत्व में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
सोनभद्र आज़ादी के दीवाने अमर शहीद सरदार उधम सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर उत्सव ट्रस्ट के तत्वावधान में पटेल स्मृति केंद्र, ओबरा में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, सेवा और मानवता का जीवंत उदाहरण बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश कुमार सिंह, कमांडेंट, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई ओटीएचपीपी ओबरा द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। रक्तदान के प्रति जनमानस को प्रेरित करने के उद्देश्य से कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने स्वयं रक्तदान कर एक प्रेरणादायी संदेश दिया। उनके साथ सीआईएसएफ इकाई के अधिकारियों एवं जवानों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया और जरूरतमंदों के जीवन रक्षण में योगदान दिया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर इस पुनीत कार्य को सफल बनाया। इस अवसर पर कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने अमर शहीद सरदार उधम सिंह के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों के त्याग और संघर्ष के कारण ही देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि राष्ट्र को विश्व पटल पर सशक्त एवं सम्मानित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा, डॉ. अजय कुमार शर्मा (निदेशक, उत्सव ट्रस्ट), नगर के अनेक गणमान्य नागरिक तथा सीआईएसएफ इकाई ओटीएचपीपी ओबरा के बल सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज को सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
Author: Pramod Gupta
Hello









