सोनभद्र। जनपद में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस–बैंक समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने की, जिसमें जनपद के समस्त बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा बैंक अधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने दिन एवं रात्रि में बैंकों की सुरक्षा को मजबूत करने हेतु पुलिस गश्त बढ़ाने एवं निरंतर भ्रमण सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। सुझावों पर संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों के आसपास नियमित रूप से तथा छोटे-छोटे अंतराल पर गश्त बढ़ाएं और गश्त की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करें। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी-अपनी बैंक शाखाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रतिदिन जांच कराना सुनिश्चित करें। बैंक परिसर में कार्य के दौरान यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
Author: Pramod Gupta
Hello









