सोनभद्र। शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सोनभद्र का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री इन्दुप्रकाश सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय भी मौजूद रहे।प्रतिनिधिमंडल ने चयन वेतनमान शीघ्र जारी किए जाने तथा शिक्षामित्रों के समायोजन एवं स्थानांतरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। जिलाध्यक्ष ने चयन वेतनमान की सूची अब तक जिला स्तर से जारी न होने पर असंतोष व्यक्त किया। साथ ही कुछ विकासखंडों में सभी कार्यरत शिक्षामित्रों से आवेदन मंगाए जाने के मामले को असंगत बताते हुए इस पर आपत्ति दर्ज कराई। जिला महामंत्री ने अवगत कराया कि कुछ स्थानों पर चयन वेतनमान के लिए ऑफलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं, जबकि शासन द्वारा पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन निर्धारित की गई है। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि चयन वेतनमान की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन ही है। उन्होंने बताया कि पत्रावलियों के निस्तारण में जिला स्तर पर कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं, जिनके समाधान हेतु शासन स्तर से मार्गदर्शन मांगा गया है। समस्या के शीघ्र समाधान के उपरांत चयन वेतनमान की सूची जारी कर दी जाएगी। शिक्षामित्रों के आवेदन के संबंध में बीएसए ने स्पष्ट किया कि आवेदन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से लिए जाने हैं, जो स्थानांतरण के इच्छुक हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जनपद में शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी राहत दिए जाने का विषय उठाया, जिस पर बीएसए द्वारा सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









