सोनभद्र। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी की जन्म जयंती गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता की अगुवाई में भाजपा जिला कार्यालय राबर्ट्सगंज पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अटल जी के चित्र पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा एवं पूर्व सांसद रामशकल सहित अन्य नेताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत अटल बिहारी बाजपेयी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद के नेतृत्व में जरूरतमंद गरीबों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए गए।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती को पूरे जनपद में सभी बूथों पर “सुशासन दिवस” के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। वे न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि हिंदी के प्रखर कवि, पत्रकार और ओजस्वी वक्ता भी थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उनका योगदान युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य रहे और राष्ट्रधर्म व राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत पत्रिकाओं का लंबे समय तक संपादन किया। आज भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके पदचिह्नों पर चलकर जनसेवा करना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश दूबे, अशोक मौर्य, जिला महामंत्री कृष्णमुरारी गुप्ता, जिला मंत्री शम्भू नारायण सिंह, संतोष शुक्ला, राकेश मेहता, जिला मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी, कमलेश चौबे, सतीश श्रीवास्तव, सुनील सिंह, प्रसन्न पटेल, बृजेश श्रीवास्तव, मनोज सोनकर, अनवर अली, बलराम सोनी, यादवेन्द्र द्विवेदी, अमन वर्मा, महेश्वर चन्द्रवंशी, गुड़िया त्रिपाठी, रामबली मौर्या, ज्योति खरवार, कैलास तिवारी, राजन पाण्डेय सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









