सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित वृद्धा आश्रम में गुरुवार को एक वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राम जियावन उम्र 65 वर्ष पुत्र विक्कन प्रजापति निवासी रानी तारा केकराही करमा के रूप में हुई है। घटना की सूचना समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया द्वारा पुलिस को दी गई। बताया गया कि राम जियावन अपनी पत्नी भगवानी देवी के साथ पिछले लगभग सात वर्षों से वृद्धा आश्रम में रह रहे थे। बुधवार की रात रोज़ की तरह भोजन करने के बाद दोनों सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह जब आश्रम की रसोइया तेतरी देवी छत स्थित बाथरूम में नहाने गईं, तो पुरुष बाथरूम में शव फंदे से लटका देख शोर मचाया। शोर सुनकर आश्रम में मौजूद अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना से पूर्व ही आश्रम में मौजूद लोगों ने शव को नीचे उतार दिया। इसके बाद केयर टेकर ने समाज कल्याण अधिकारी को जानकारी दी, जिन्होंने जिलाधिकारी को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच शुरू की। सीओ रणधीर मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक की पत्नी भगवानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मृतक का एक पुत्र भी है। उल्लेखनीय है कि इस वृद्धा आश्रम में करीब 50 से 60 असहाय वृद्ध निवास करते हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









