सोनभद्र। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बहुजन नायक वीर शिरोमणि बिजली पासी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शत-शत नमन किया गया तथा एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि बहुजन नायक वीर शिरोमणि बिजली पासी, जिन्हें महाराजा लाखन पासी के नाम से भी जाना जाता है, 12वीं शताब्दी में अवध क्षेत्र के एक शक्तिशाली पासी शासक थे। उन्होंने मुगल अत्याचारों का डटकर विरोध किया और समाज को एकजुट करने का कार्य किया। साहस, स्वाभिमान और नेतृत्व के प्रतीक बिजली पासी ने सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया, जिसके कारण उन्हें अवध केसरी की उपाधि से सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वीर शिरोमणि बिजली पासी ने अपने शासनकाल में सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और विशेष रूप से गरीबों, शोषितों और वंचितों की लड़ाई लड़ी। उनका जीवन पासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में वही ऐसे नेता हैं, जो हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम कर रहे हैं और सदन से लेकर सड़क तक जनहित की लड़ाई लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, मजदूरों, गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों समेत हर तबके की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है और सत्ता में आने पर सभी वर्गों के लिए ऐतिहासिक कार्य करती है। संगोष्ठी में मुख्य रूप से जिला महासचिव मोहम्मद शईद कुरैशी, अनिल प्रधान, विनीत सरोज, सरदार पारब्रह्म सिंह, डॉ. केडी सिंह पटेल, सूरज मिश्रा, अफरोज खान, राजनाथ यादव, सुशील राय, पीयूष यादव, दीपक केसरी, हरिशंकर विश्वकर्मा, विनोद यादव, रामपति भारती सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने वीर शिरोमणि बिजली पासी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Author: Pramod Gupta
Hello









