सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी रिहंद के डोडहर गेट पर संचालित अल्फा डायग्नोस्टिक सेंटर तथा बाजार में संचालित आरोग्य पैथालॉजी सेंटर पर अनियमितताओं के आरोप में डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद द्वारा गत मंगलवार को जांच की गई थी। जांच के बाद दोनों पैथालॉजी सेंटरों को सील करते हुए शटर पर कारण बताओ नोटिस चस्पा किया गया था। आरोप है कि जांच टीम के जाते ही दोनों संचालकों ने सील तोड़ दी और नोटिस फाड़कर फेंक दिया। इसके बाद बुधवार से पूर्व की भांति दोनों पैथालॉजी सेंटर पुनः संचालित होने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. राय ने इस कृत्य पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी बीजपुर डॉ. राणा रणधीर सिंह को तत्काल मौके पर जांच कर दोनों संचालकों के खिलाफ थाना बीजपुर में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि, तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और विभाग हंसी का पात्र बना हुआ है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राणा रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस को तहरीर देकर दोनों अवैध संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर पैथालॉजी सेंटर बंद कराने की मांग की गई है। वहीं थाना प्रभारी बीजपुर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर में मुकदमा पंजीकृत कराने के लिए नहीं बल्कि पुलिस कार्रवाई हेतु लिखा गया है। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी स्वयं वादी बनने से मामला टाल रहे हैं, इसी कारण मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है। हालांकि, संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









