सोनभद्र। चाइल्ड हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई से एक गुमशुदा नाबालिग बालिका सुरक्षित अपने परिजनों से मिल गई, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात नाबालिग बालिका आरपीएफ पोस्ट, रेलवे स्टेशन चोपन पर मौजूद है। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह एवं सुपरवाइजर अंशु गिरी ने आरपीएफ चोपन के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका की पहचान कर उसके परिजनों का पता लगाया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने चाइल्ड हेल्पलाइन और आरपीएफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन का टोल फ्री नंबर 1098 है, जिस पर गुमशुदा या संकटग्रस्त बच्चों से संबंधित सूचना दी जा सकती है। यदि किसी को कोई लापता बच्चा मिलता है तो वह तुरंत इस नंबर पर संपर्क करे। उन्होंने कहा कि आपका छोटा सा सहयोग भी किसी बच्चे को उसके परिवार से मिलाने में अमूल्य योगदान साबित हो सकता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









