सोनभद्र। पुलिस की एसआईटी टीम की जांच में खुलासा हुआ कि शुभम जायसवाल एवं भोला प्रसाद द्वारा संचालित शैली ट्रेडर्स, रांची (झारखंड) का ड्रग लाइसेंस और गोदाम लाइसेंस फर्जी पाए गए हैं। एसआईटी की जांच में पता चला कि शैली ट्रेडर्स ने औषधि विभाग रांची से गोदाम का लाइसेंस और ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए किराएदारी, अनुभव प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जैसी दस्तावेज़ों को फर्जी तरीके से प्रस्तुत किया। इस संबंध में सहायक निदेशक, रांची ने थाना धुर्वा (हटिया), रांची पर मुकदमा पंजीकृत कराया। एसआईटी सोनभद्र ने यह भी पाया कि शैली ट्रेडर्स से न्यू फेन्साडिल कफ सिरप का नशीला कारोबार बंग्लादेश सीमा के पास सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) तक जुड़ा हुआ है। इस मामले में एनसीबी सिलीगुड़ी द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। इस प्रकरण में निशांत कुमार गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता (चांदनी चौक, भदोही) के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। पहले ही 2 वांछित अभियुक्त शुभम जायसवाल और विशाल उपाध्याय के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हो चुका है। एसआईटी ने एबाट कंपनी से शैली ट्रेडर्स को भेजे गए कफ सिरप शीशियों की संख्या और परिवहन का विवरण भी मांगा है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों और फर्मों की भूमिका की जांच जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
Author: Pramod Gupta
Hello









