February 12, 2026 3:47 am

किसानों की संपूर्ण धान खरीद व बिजली समस्या को लेकर जाप का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र। किसानों की संपूर्ण धान खरीद एवं बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सोनभद्र पर धरना-प्रदर्शन किया। धरना समाप्ति के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा गया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जाप जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख महासचिव डा. भागीरथी सिंह मौर्य ने कहा कि भारत सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकारी मशीनरी इन प्रयासों को विफल कर रही है। उन्होंने कहा कि हरित क्रांति के तहत किसान प्रति बीघा लगभग 20 कुंतल (80 कुंतल प्रति हेक्टेयर) धान का उत्पादन कर रहा है, लेकिन सोनभद्र जनपद में कामन धान की बाजार कीमत मात्र 1800 से 2000 रुपये प्रति कुंतल है। वहीं सरकारी क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अंतर्गत काफी मशक्कत के बाद भी केवल 10 कुंतल प्रति बीघा (40 कुंतल प्रति हेक्टेयर) ही खरीद की जा रही है। डा. मौर्य ने पड़ोसी जनपद चंदौली का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि वहां 15 कुंतल प्रति बीघा धान की सरकारी खरीद हो रही है, जबकि सोनभद्र में दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है। शेष बची उपज को किसान कहां बेचे, कैसे कर्ज चुकाए और अपने परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करे-यह गंभीर सवाल है। बटाई पर खेती करने वाले गरीब किसानों की स्थिति और भी दयनीय है। मंडल प्रभारी वाराणसी सुमंत सिंह मौर्य एवं जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने मांग की कि किसानों की संपूर्ण उपज 20 कुंतल प्रति बीघा के अनुसार MSP पर सरकारी खरीद सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी क्रय केंद्रों पर कांटा, बोरा एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए तथा खरीद प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए। उन्होंने बताया कि सोनभद्र में धान खरीद दिसंबर 2025 में दो माह विलंब से शुरू हुई है, इसलिए इसे मार्च तक जारी रखा जाए। मंडल उपाध्यक्ष विजयमल मौर्य एवं जिला कोषाध्यक्ष मंगला प्रसाद मौर्य ने बटाई या रेहन पर खेती करने वाले किसानों को भी सरकारी क्रय केंद्रों पर MSP पर बिक्री की अनुमति देने तथा उत्तर प्रदेश में 300 यूनिट से कम बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं का विद्युत बिल माफ करने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, राज्यपाल उत्तर प्रदेश एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की गई। धरना-प्रदर्शन में लक्ष्मण सिंह, विनोद कुमार मौर्य, मुलायम सिंह मौर्य, सुक्खू मौर्य, विजय मौर्य, गुलाब प्रसाद, सुभाष सिंह, चंद्रमा सिंह, बिहारी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!