सोनभद्र। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जनपद के चोपन ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत भरहरी गांव स्थित महाविद्यालय में कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी बी.एन. सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शीतलहर को देखते हुए तहसील स्तर पर कंबल वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि गांवों में असहाय, गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनकी वास्तविक स्थिति के अनुसार कंबल वितरित किए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड से परेशान न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील क्षेत्र में कंबल वितरण सुनिश्चित किया जाए और इसमें पूरी पारदर्शिता बरती जाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रामसकल ने कहा कि सांसद निधि से विद्यालय के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कराया गया है। साथ ही मान्यता के आधार पर मेडिकल कॉलेज एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए भी विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी बेहतर पहचान बना सकें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









