February 12, 2026 4:05 am

घटिया सड़क निर्माण, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

सोनभद्र। गुरमा जिला जेल का मुख्य मार्ग-जहाँ से प्रतिदिन जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक न्यायाधीश सहित जनपद के तमाम वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं-आज खुद बदहाली का शिकार नजर आ रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल यह है कि निर्माणाधीन सड़क जगह-जगह उखड़ने लगी है, जिससे जनता के पैसों के दुरुपयोग के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा है। मिट्टी युक्त पौन इंच गिट्टी का खुलेआम प्रयोग किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार आवश्यक मात्रा में तारकोल (बिटुमिन) का छिड़काव तक नहीं किया जा रहा। भुनी गिट्टी बिछाकर सीधे रोलर चला दिया गया, जिससे सड़क की पकड़ बेहद कमजोर रह गई है। गड्ढों की मरम्मत के नाम पर केवल पौन इंच गिट्टी डालकर ऊपर से तारकोलिंग गिट्टी फैला दी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह काम केवल कागजों में सड़क को बेहतर दिखाने के लिए किया जा रहा है, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसी सड़क पहली तेज बारिश में ही बिखर जाएगी। ऊपर से ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही सड़क को और भी नुकसान पहुंचाएगी। चौंकाने वाली बात यह है कि निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है, बावजूद इसके कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है, जिससे घटिया निर्माण की पोल खुल गई है। आरोप है कि ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल खेला जा रहा है। लाखों रुपये की लागत से बन रही सड़क में भारी लूट-खसोट की जा रही है, जबकि विभागीय अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। न तो निर्माण की प्रभावी निगरानी हो रही है और न ही गुणवत्ता की जांच। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब अधिकारियों के रोजाना आवागमन वाले मार्ग पर इतनी बड़ी अनियमितताएं हो सकती हैं, तो ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति क्या होगी? नागरिकों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि यह सड़क नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की जीती-जागती मिसाल है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि लोक निर्माण विभाग इस मामले में क्या जवाब देता है। क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या फिर यह सड़क भी कुछ ही महीनों में गड्ढों में तब्दील होकर भ्रष्टाचार की कहानी बयां करती रहेगी। जनता जवाब चाहती है, और जिम्मेदारों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!