January 15, 2026 5:15 pm

जिलाधिकारी ने ठण्ड से बचाव को लेकर जनपदवासियों से की अपील

– गरीब व असहाय खुले में मिले तो रैन बसेरे की दें सूचना- जिलाधिकारी

सोनभद्र। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि ठण्ड के मौसम में यदि कोई भी गरीब अथवा असहाय व्यक्ति खुले में सोता हुआ दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी रैन बसेरे अथवा प्रशासन को दें, जिससे उसे ठण्ड से बचाया जा सके। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे रात्रिकालीन भ्रमण कर अपने-अपने क्षेत्रों में अलाव एवं रैन बसेरों की व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों के पास रैन बसेरों की जानकारी देने हेतु होर्डिंग लगाई जाए तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को आश्रय स्थलों की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में स्थापित रैन बसेरों की जानकारी गूगल मैप पर भी अपलोड की जाए, जिससे आमजन को आश्रय स्थल खोजने में सुविधा हो। उनके निर्देश के क्रम में बीती रात उप जिलाधिकारियों द्वारा आश्रय स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर अलाव व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ठण्ड के दृष्टिगत चिन्हित स्थलों पर अलाव निरंतर जलता रहे तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी गरीब अथवा असहाय व्यक्ति सड़क किनारे खुले में न सोने पाए। यदि कोई व्यक्ति खुले में सोता हुआ मिले, तो उसे तत्काल रैन बसेरे में भेजवाया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में ठण्ड से बचाव हेतु 179 अलाव स्थल चिन्हित किए गए हैं तथा 11 रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि रात्रिकालीन भ्रमण के दौरान जरूरतमंद गरीब व असहाय व्यक्तियों को कंबल का वितरण भी सुनिश्चित करें। अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से पुनः अपील करते हुए कहा कि यदि रात्रि के समय कोई गरीब अथवा असहाय व्यक्ति दिखाई दे, तो उसे जनपद में स्थापित रैन बसेरों की जानकारी अवश्य दें, ताकि वह वहां पहुंचकर ठण्ड से सुरक्षित रह सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!