सोनभद्र। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं उत्तर प्रदेश उद्योग उद्यमिता योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बावजूद रोजगार न मिलने के विरोध में मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बैनर तले टोकरी बुनकरों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा नेता कामरेड आर.के. शर्मा ने किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बांस आधारित उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक मशीनें जैसे ब्रास क्रास मशीन, बंबू स्टाइल मशीन, जेट मशीन आदि उपलब्ध कराने और विभिन्न प्रकार के बांस निर्मित उत्पाद तैयार कर रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश के अन्य हिस्सों में लघु उद्योग विभाग के माध्यम से बांस से जुड़े परंपरागत कारीगरों को रोजगार व अनुदान का लाभ दिया जा रहा है, जबकि सोनभद्र जनपद में धरकार जाति से जुड़े हजारों कारीगर आज भी बेरोजगारी और उपेक्षा का शिकार हैं। यह समुदाय परंपरागत रूप से बांस उद्योग से जुड़ा हुआ है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में सम्मानजनक जीवन से वंचित है।प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि धरकार जाति के लोगों को सम्मान के साथ जीवन यापन के लिए बांस आधारित लघु उद्योग को बढ़ावा दिया जाए तथा संबंधित मशीनों के साथ-साथ सरकारी अनुदान उपलब्ध कराया जाए। धरना-प्रदर्शन में सूरज, पवन, संदीप, धर्मवीर, अमित कुमार, शकुंतला देवी, हरि प्रसाद, सुमन देवी, सुनिता, खुशबू, सोनिया देवी, मंजू देवी, रामगति, दुर्गावती, काजल, सविता, मीरा, अंकिता देवी, पूजा, मनोज कुमार, रामप्रसाद, तिलक, मोहन, राजेश सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाकपा नेता कामरेड अमरनाथ सूर्य ने किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









