सोनभद्र। किलर रोड के नाम से कुख्यात वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदुआरी के पास आज सुबह तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप चालक वाहन सड़क किनारे खड़ा कर नाश्ता करने ढाबे पर गया हुआ था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मृत कार चालक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता निवासी वाराणसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, शाखा रॉबर्ट्सगंज में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









