सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह गौ रक्षकों व ग्रामीणों की सतर्कता से गौ तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल कर दिया गया। गौ रक्षक कार्तिक चंद्रवंशी, नीरज कुमार, अजीत शर्मा, चंदन पासवान तथा ग्रामीणों ने गायों से भरी एक पिकअप और मैजिक वाहन को थाना से चंद कदम की दूरी पर रोक लिया। वाहन रुकते ही चालक पिकअप और मैजिक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल छह गायें बरामद की गईं, जिनमें दो दूधारू, एक गर्भवती तथा तीन सामान्य अवस्था की गायें शामिल थीं। प्रारंभिक जांच में सभी गायों को गौकशी के उद्देश्य से झारखंड ले जाए जाने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गौ रक्षक व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप व मैजिक को कब्जे में लेते हुए सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसी क्रम में रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कोलिनडुबा ग्राम पंचायत क्षेत्र में दोपहर के समय भी एक मैजिक और पिकअप पर सवार छह मवेशियों को उतारकर तस्कर फरार होने में सफल रहे। सुबह बरामद की गई गायों को हनुमान मंदिर परिसर में रखा गया, जहां पशु चिकित्सक डॉ. तरुण रवि द्वारा उनकी स्वास्थ्य जांच की गई। जांच में सभी गायों की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि गर्भवती गाय को विशेष देखरेख में रखा गया है।पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में गौ तस्करी को लेकर लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









