– रेलवे ट्रैक पर मिला 26 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
सोनभद्र। (रेणुकूट) स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत चाचा कॉलोनी के पास मंगलवार की भोर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान गौरीशंकर राजभर 26 वर्ष पुत्र जितेंद्र राजभर निवासी शिवा पार्क रेणुकूट के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का शव मंगलवार की भोर करीब 1 बजे रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुँचे। परिवार सदमे में है और उन्होंने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार की रात गौरीशंकर घर नहीं लौटा। लगभग 1:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि गौरीशंकर का शव रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है। परिजन जब मौके पर पहुँचे तो पुलिस पहले से मौजूद थी और शव को अस्पताल में भेज दिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर संबंधित महिला सहित अन्य संभावित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









