सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खनन पट्टा धारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खान सुरक्षा निदेशक, वाराणसी क्षेत्र द्वारा खनन पट्टों पर लगाए गए प्रतिबंध से जुड़े मुद्दों और सुधारात्मक कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने खनन व्यवसायियों से सीधा संवाद करते हुए डीजीएमएस द्वारा लगाई गई रोक के कारणों और अब तक किए गए अनुपालन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पट्टा धारकों को निर्देश दिया कि खान सुरक्षा निदेशालय द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का यथाशीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि डीजीएमएस द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को जल्द हटवाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि खनन गतिविधियों के पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ होने से आम जनमानस को उचित दरों पर खनिज उपलब्ध होंगे और स्थानीय लोगों के रोजगार में भी वृद्धि होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप, खनन व्यवसाय संगठन के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खनन व्यवसायी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









