सोनभद्र (दुद्धी) महुली बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में शनिवार को विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए विशेष बिजली बिल कैंप ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस कैंप में आसपास के गांवों से उपभोक्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और अपने बकाया बिलों का निस्तारण कराया। कैंप में विभाग की मूलधन- ब्याज संशोधन योजना मुख्य आकर्षण रही। अधिकारियों ने बताया कि इसके तहत उपभोक्ताओं को 100% ब्याज माफी और मूलधन में 25% तक की छूट मिल रही है। लंबे समय से बकाया उपभोक्ताओं के लिए यह योजना विशेष राहत साबित हो रही है। कैंप में कुल 1,86,000 रुपये की वसूली की गई, जबकि 54 उपभोक्ताओं ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराया। कैंप का संचालन जेई रत्नेश कुमार भारतीय के नेतृत्व में किया गया। मौके पर TG-2 प्रदीप कुमार, TG-2 मोहम्मद अनवर अंसारी, संविदा लाइनमैन रामस्वरूप, गुलाबचंद, नीरज अग्रहरी और विनोद कुमार मौजूद रहे और उपभोक्ताओं के बिल संबंधी कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर बिल जमा, संशोधन, माफी व रजिस्ट्रेशन जैसी सभी सुविधाएँ मिलने से उन्हें काफी राहत मिली। कैंप स्थल पर लगाए गए ‘बिजली बिल राहत योजना 2025’ के विस्तृत पोस्टर को देखकर भी कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही योजना का लाभ उठाया।
Author: Pramod Gupta
Hello









