सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के लोढ़ी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र की खुदकुशी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बीते बुधवार शाम हॉस्टल में छात्र द्वारा फांसी लगाने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया था। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने बताया कि मृतक युवराज सिंह (22 वर्ष) पुत्र मंटू सिंह, निवासी जयप्रकाश नगर (थाना बैरिया, जिला बलिया) बुधवार की शाम अपने कमरे में गमछे के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। परीक्षा देकर लौटे छात्रों ने जब युवराज का शव देखा, तो शोर मचाना शुरू कर दिया। हंगामा सुनकर कॉलेज प्रबंधन और वार्डन मौके पर पहुंचे।जांच के दौरान मृतक के दोस्तों और रूम पार्टनर से पूछताछ में सामने आया कि युवराज ऑनलाइन गेम खेलता था और धीरे-धीरे क्रिकेट में ऑनलाइन सट्टे लगाने लगा था। पुलिस के अनुसार, लगातार पैसे हारने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और पिछले दो महीने से डिप्रेशन में चल रहा था। इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया। दोस्तों ने बताया कि ऑनलाइन गेम और पैसे की हानि ने उसे काफी तोड़ दिया था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
Author: Pramod Gupta
Hello









