– एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र नारायण ने किया मतदाता सूची पुनरीक्षण केंद्रों का दौरा, कहा- युवा लोकतंत्र की मजबूती में दें योगदान
सोनभद्र। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव राघवेंद्र नारायण ने आज जनपद के विभिन्न मतदाता सूची पुनरीक्षण केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं, बीएलओ तथा पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। राघवेंद्र नारायण ने कहा कि दुरूह एवं दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों को अत्यंत कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ रहा है। विपरीत स्थितियों में भी लगातार बेहतर कार्य करने के लिए सभी कर्मचारियों को मेरा सलाम, उन्होंने कहा। दौरान निरीक्षण राघवेंद्र नारायण रॉबर्ट्सगंज के एक बूथ पर 2003 की वोटर लिस्ट न होने पर नाराज दिखे, जिस पर बाद में सूची उपलब्ध कराई गई। उन्होंने निर्वाचन एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सभी बूथों पर पुरानी मतदाता सूचियाँ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार भले कुछ भी दावा करे, लेकिन ज़मीनी सच्चाई यह है कि कई क्षेत्रों में न नेटवर्क है, न पर्याप्त संसाधन। ऐसे हालात में घर-घर फॉर्म पहुँचाना और समय पर वापस जमा कराना बीएलओ के लिए एक बड़ी चुनौती है। दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों के पास पुराने दस्तावेज़ और फोटो उपलब्ध न होना भी फॉर्म वापसी में बाधा उत्पन्न करता है। राघवेंद्र नारायण ने कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों के युवा कार्यकर्ताओं से दलगत भावना से ऊपर उठकर कम जागरूक मतदाताओं की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में उनके नाम जुड़वाने में प्रशासन का सहयोग करें। यह योगदान लोकतंत्र को मजबूत करेगा। सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई में युवाओं की भूमिका अमूल्य है। उन्होंने आगे कहा कि नौजवानों की ज़िम्मेदारी है कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से कटने न पाए। देश का प्रत्येक मतदाता लोकतंत्र का भगवान है, उन्होंने जोर देकर कहा।
Author: Pramod Gupta
Hello









