सोनभद्र। संविधान दिवस–2025 के अवसर पर विकास खंड राबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान में उल्लिखित संकल्प की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करते हुए देश की संप्रभुता और अखण्डता की रक्षा करनी चाहिए। जिलाधिकारी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होता है और यह सिद्धांत हमें संविधान से ही प्राप्त होता है। हमारा निरंतर प्रयास होना चाहिए कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिल सके तथा किसी के साथ किसी प्रकार का अन्याय या दुर्व्यवहार न हो। उन्होंने बताया कि दुनिया भर के अनेक संविधानों का गहन अध्ययन करने के बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान का मसौदा तैयार किया, जिसे 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया और उसी दिन इसे अंगीकृत किया गया। इसी कारण प्रति वर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान हमें न केवल अधिकार देता है, बल्कि दायित्व भी सौंपता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता, समता और बंधुता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









