January 15, 2026 6:03 pm

बकाया फीस को लेकर प्रधानाचार्य पर 12वीं के छात्र की पिटाई का आरोप

– मां ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप, न्याय के लिए पहुँची डीएम दरबार

सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में बकाया फीस को लेकर कक्षा 12 के छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। घटना 14 नवंबर शुक्रवार की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र की मां ने आरोप लगाया कि संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य ने बच्चे को डंडे से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। विभा जायसवाल जो रॉबर्ट्सगंज नगर के न्यू कॉलोनी निवासी हैं, ने बताया कि उनका पुत्र यश जायसवाल जयपुरिया स्कूल में अध्ययनरत है। आर्थिक तंगी के कारण वे दो माह से स्कूल की फीस जमा नहीं कर पाई थीं। आरोप है कि फीस बकाया होने पर प्रधानाचार्य बच्चे को अक्सर छात्रों के सामने अपमानित करते थे। मां के अनुसार, 14 नवंबर को प्रधानाचार्य ने बकाया फीस को लेकर छात्र को डंडे से मारा, जिससे वह घायल होकर स्कूल में ही बेहोश हो गया। घटना की जानकारी होने पर वे स्कूल पहुँचीं और अपने पुत्र को लेकर सदर कोतवाली पहुंचीं। विभा जायसवाल का आरोप है कि उन्होंने प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी और बेटे का मेडिकल कराने की मांग की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मेडिकल कराने से मना कर दिया। बाद में वे बच्चे को जिला अस्पताल ले गईं, जहाँ उसका उपचार किया गया। स्थानीय पुलिस से अपेक्षित कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने 17 नवंबर को जिलाधिकारी तथा 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़िता का यह भी आरोप है कि संबंधित स्कूल एक राजनीतिक रूप से प्रभावशाली नेता से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की मांग करेंगी। उधर, लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया जानने के लिए जयपुरिया स्कूल के प्रधानाचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!