– सुरक्षा मानकों की अनदेखी और दबाव में कराए गए जोखिमपूर्ण कार्य का खुलासा
सोनभद्र। थाना ओबरा क्षेत्रान्तर्गत बिल्ली मारकुण्डी स्थित मेसर्स कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में 15 नवंबर 2025 को ड्रिलिंग के दौरान पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढह गया था, जिसमें 7 मजदूरों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस घटना पर थाना ओबरा में मु.अ.सं. 264/2025 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई थी। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ओबरा की अगुवाई में गठित 5 सदस्यीय एसआईटी टीम ने आज (21 नवंबर 2025) बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए हादसे में गंभीर लापरवाही के दोषी पाए गए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अनिल कुमार झा 59 वर्ष माइन्स मैनेजर निवासी इब्राहिमपुर, दरभंगा (बिहार) वर्तमान निवारणपुर दोरन्दा रांची (झारखंड), अजय कुमार 44 वर्ष माइन्स स्टाफ निवासी बिल्ली पोखरा के पास ओबरा सोनभद्र, चन्द्रशेखर 46 वर्ष
माइन्स मेट निवासी अग्रवाल नगर कॉलोनी ओबरा
मूल निवासी कोच्या विशुनपुरा गढ़वा (झारखंड), गौरव सिंह 33 वर्ष माइन्स स्टाफ निवासी अग्रेसक्टर 08 ओबरा सोनभद्र
एसआईटी पूछताछ में उजागर हुई बड़ी बातें
पूछताछ में माइन्स मैनेजर और माइन्स मेट ने स्वीकार किया कि खदान में ड्रिलिंग व विस्फोटक मानकों में अनियमितताएं थीं, जिनकी सूचना खान सुरक्षा निदेशक को नहीं दी गई।मजदूरों को सुरक्षा निर्देश नहीं दिए गए, न ही आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए। मजदूरों द्वारा जोखिमपूर्ण कार्य से इनकार करने पर भी मालिक व ठेकेदारों के दबाव में काम कराया जाता रहा। खदान में खतरा दिखने के बावजूद कार्य रोकने का प्रयास नहीं किया गया और न ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।
जांच के प्रमुख निष्कर्ष
खदान में मानक से अधिक ड्रिलिंग की गई थी, जिससे खदान की संरचना कमजोर हो गई। संरचना कमजोर होने के कारण पत्थर का विशाल हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे 7 मजदूरों की मौत हो गई। माइन्स मैनेजर व माइन्स मेट की भूमिका में घोर लापरवाही, कर्तव्यों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया।
आगे की कार्रवाई
सभी चारों अभियुक्तों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है, और उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद पुलिस ने आश्वस्त किया है कि इस गंभीर प्रकरण में दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जांच टीम द्वारा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello








