सोनभद्र। बिल्ली मारकुंडी स्थित मे० कृष्णा माइनिंग खदान हादसे के बाद प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने हादसे में मृत मजदूरों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वे स्वयं स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं।
20.55 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी परिजनों को
मंत्री जायसवाल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को लगभग 20 लाख 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता विभिन्न योजनाओं और मदों से उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही श्रम विभाग की सभी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित कराया जाएगा।
त्रिस्तरीय जांच होगी- पुलिस, खनन विभाग और जिला प्रशासन मिलकर करेंगे जांच
उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की त्रिस्तरीय जांच कराई जाएगी, जिसमें
- पुलिस विभाग
- खनन विभाग
- जिला प्रशासन
शामिल होंगे।
यदि जांच में अवैध खनन या मानकों के विपरीत संचालन पाया जाता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है, इसलिए किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा
प्रभारी मंत्री ने खदान स्थल पर पहुंचकर NDRF/SDRF द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि बचाव दल सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखते हुए तेजी से अभियान चलाएं। उन्होंने रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की और अधिकारियों से घटना की स्थितियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मलबे में और शवों की संभावना, खोज जारी
मंत्री ने कहा कि मलबे में दबे और लोगों की आशंका को ध्यान में रखते हुए खोज कार्य जारी रखा जाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक गांव में ग्राम प्रधानों के माध्यम से मुनादी भी कराई है ताकि यदि कोई अन्य व्यक्ति लापता हो तो जानकारी मिल सके। अब तक 5 शव बरामद किए जा चुके हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
निरीक्षण और मुलाकात के दौरान उपस्थित रहे भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, जिलाधिकारी बी०एन० सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, विधायक सदर भूपेश चौबे, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि।
Author: Pramod Gupta
Hello








