सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली स्थित कृष्णा माइनिंग खदान में हुए भीषण हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। शनिवार को हुए हादसे के बाद से अब तक चार मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है। रेस्क्यू टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है, लेकिन खदान की लगभग डेढ़ सौ फीट गहराई और भारी मलबे के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
मलबे के बीच अपनों की तलाश, उम्मीद में जागती थकी आंखें
हादसे के दो दिन बाद भी खनन क्षेत्र में सबसे हृदयविदारक दृश्य उन परिजनों का है जो अपने लापता परिजनों के इंतजार में खड़े हैं। किसी मां की चीख थम नहीं रही, कोई पिता अपने गुम हुए बेटे का नाम पुकारते हुए बचाव कर्मियों से सवाल कर रहा है। कई महिलाएं हाथ जोड़कर भगवान से चमत्कार की प्रार्थना कर रही हैं। हर कोई बस इस उम्मीद में खड़ा है कि शायद अगला बाहर आने वाला उनका अपना हो।
लापता मजदूरों के परिजनों का दर्द
ओबरा के पनारी निवासी सुनीता ने बताया कि उसका 30 वर्षीय भाई संतोष पुत्र शोभनाथ खदान में काम करने आया था, लेकिन हादसे के बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका है। इसी तरह पार्वती का कहना है कि उसके पति इंद्रजीत उम्र 32 वर्ष लापता हैं। बचिया देवी ने बताया कि उसके पति रामखेलावन उम्र 40 वर्ष का कोई पता नहीं है। सुरसतिया देवी अपने पति कृपशंकर उम्र 32 वर्ष के लापता होने से बदहवास हैं। कचनरवा गांव निवासी रविंद्र उर्फ राजकुमार भी खदान में कार्य के लिए गए थे और तब से गायब हैं।
गांव से आए परिजन मौके पर डटे, दो दिन से नहीं खाया खाना
पनारी ग्राम पंचायत के प्रधान पति लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि गांव से जो मजदूर खदान में काम करने आए थे, उनके परिजन लगातार मौके पर मौजूद हैं। कई लोग सदमे में हैं और किसी ने दो दिन से ठीक से भोजन तक नहीं किया है।
Author: Pramod Gupta
Hello








