– मण्डलायुक्त, आईजी और जिलाधिकारी ने हेलीपैड व जनसभा स्थल का लिया जायजा
– सुरक्षा, मार्ग व्यवस्था, बैरिकेडिंग व मंच निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
सोनभद्र। ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को विन्ध्याचल मण्डल मीरजापुर के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश तथा महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने चोपन में विभिन्न स्थलों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मण्डलायुक्त ने सर्वप्रथम हेलीपैड स्थल एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा के सभी प्रबंध मानक के अनुरूप और चाक- चौबंद हों। आईजी ने भी सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हेलीपैड से जनसभा स्थल तक पहुंच मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रास्ते को सुव्यवस्थित, सुगम और भीड़-प्रबंधन के अनुकूल बनाया जाए ताकि जनता को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। मण्डलायुक्त व आईजी ने जनसभा स्थल पर बनाए जा रहे मुख्य मंच का भी निरीक्षण किया और उसकी मजबूती, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। टेंट व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वीआईपी आगमन, मीडिया कवरेज क्षेत्रों तथा निकासी मार्गों की तैयारियों का भी बारीकी से आकलन किया गया।मण्डलायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आने वाली जनता के आवागमन व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम—विशेषकर करमा नृत्य आदि- के लिए उपयुक्त स्थल चयन और सुदृढ़ प्रबंध करने को कहा। मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभागीय अधिकारी अधूरे कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आशीष वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, एडीएम (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, एडीएम (न्यायिक) रमेश चन्द्र, एडीएम (नमामि गंगे) रोहित यादव, एसडीएम ओबरा विवेक सिंह, तथा विभिन्न तहसीलों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









