– जिन्दा व्यक्ति को मृत दिखाकर राशन कार्ड से नाम हटाए जाने से परेशान ग्रामीण, जिलाधिकारी से लगाई गुहार
सोनभद्र। घोरावल ब्लॉक क्षेत्र के ढुटेर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक ज़िंदा व्यक्ति को मृत दिखाकर उसका नाम राशन कार्ड से हटा दिया गया है। इस अन्याय से परेशान गरीब व्यक्ति ने जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। ढुटेर गांव के नवाटोला निवासी राधेश्याम पुत्र टाघन ने बताया कि कुछ समय पहले तक उन्हें पात्र गृहस्थी कार्ड के तहत नियमित रूप से राशन मिलता था, लेकिन अब विभाग ने उन्हें मृत घोषित कर कार्ड से उनका नाम हटा दिया है। राधेश्याम ने बताया कि उनकी पत्नी कमली देवी, जो राशन कार्ड की मुखिया थीं, का निधन हो चुका है, परंतु विभागीय त्रुटि के चलते अब उन्हें ही मृत दिखा दिया गया है। राधेश्याम ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में लिखा है। “साहब! मैं ज़िंदा हूँ, लेकिन मुझे मृत दिखाकर राशन कार्ड से नाम हटा दिया गया है। कृपया जांच कर मेरा नाम पुनः शामिल कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।” गंभीर आर्थिक स्थिति से जूझ रहे राधेश्याम की आंखों में लाचारी और चेहरे पर थकान साफ झलक रही थी। वह लगातार अधिकारियों से अपने “जिंदा होने” का प्रमाण देने की गुहार लगा रहे हैं, ताकि उन्हें फिर से सरकारी राशन का लाभ मिल सके।
Author: Pramod Gupta
Hello








