– बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
– डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति शांत कराई
– ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को दिया लिखित आवेदन
सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) थाना क्षेत्र के सलैयाडीह गांव में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एयरटेल और जिओ के टावर के पास रेलवे लाइन किनारे से गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को घनी आबादी के ऊपर से खींचा जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीण निरज कुमार ने बताया कि पहले से ही वहां एलटी लाइन (लो टेंशन लाइन) लगी हुई है। अब उसके ठीक ऊपर से तीन फेज की नग्न (बिना कवर) तार डाली जा रही है, जो कई घरों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य बिजली विभाग की लापरवाही को दर्शाता है और किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। बाद में ग्रामीणों ने थाना प्रभारी विंढमगंज को लिखित आवेदन देकर इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की। मौके पर लवकुश चंद्रवंशी, अजीत चंद्रवंशी, बोला राम, संतोष, विनय, रंजीत, लड्डू घुटन, राजकुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में बिजली विभाग के संविदा कर्मी संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्य विभागीय सक्षम अधिकारियों के आदेश के तहत किया जा रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









