सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि समय पर किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो सकी, उसके बाद आए मोनथा तूफान ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बावजूद किसानों ने अपनी मेहनत से अन्न उत्पादन किया है। अब सरकार की ज़िम्मेदारी है कि किसानों की फसलों की खरीद बिना नमी की कटौती के की जाए। उन्होंने मांग की कि खराब फसलों का मुआवजा जल्द दिया जाए, किसानों का ऋण माफ किया जाए और उनके प्रति सरकार संवेदनशील रवैया अपनाए। साथ ही यह भी कहा कि जिस प्रकार खाद की बोरी का वजन घटाकर 45 किलो कर दिया गया है, उसी तरह किसानों के क्विंटल का वजन 90 किलो किया जाए।मोर्चा ने यह भी मांग की कि फसलों की खरीद न्याय पंचायत स्तर पर की जाए, ताकि किसानों को दूर-दराज मंडियों में भटकना न पड़े। संदीप मिश्र ने कहा, “जब तक अन्नदाता खुशहाल नहीं होगा, तब तक देश बदहाल रहेगा।” ज्ञापन देने वालों में शिवचरन पटेल, सर्वेश तिवारी, अतुल चौबे, ऋषभ वौबे, दिनेश चेरो, सत्रतुधन बिन्द, विजय बिन्द, संजय बियार, आशीष मौर्या, रामयस खरवार, सुजीत विश्वकर्मा, भोलू गुप्ता, आकाश मोदनवाल, रोहित सोनकर, आनंद चौबे, विजय पटेल, विक्की पटेल सहित सैकड़ों किसान और मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









