– मकान मालिक बाहर, चोर अंदर- फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
सोनभद्र (दुद्धी) नगर के धनौरा मार्ग पर स्थित आशियाना भवन में शनिवार की देर रात तीन हथियारबंद चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, मकान मालकिन अनिशा एजाज पत्नी ऐजाज अहमद बीते एक सप्ताह से अपने मायके रौंजा (जनपद गाजीपुर) गई हुई थीं। इसी बीच शनिवार की रात लगभग डेढ़ बजे तीन अज्ञात चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। घर में प्रवेश करते ही चोरों ने सबसे पहले CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने घर में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर सारा सामान खंगाल डाला। सुबह जब घर में काम करने वाली महिला पहुंची तो उसने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा और तुरंत मकान मालकिन को फोन कर सूचना दी। सूचना पाकर पीड़िता ने अपने भाई शमीम अंसारी को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह कस्बा इंचार्ज हरिकेश राम आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने का कार्य प्रारंभ किया। बताया जाता है कि पीड़िता के पिता स्वर्गीय मोहम्मद सईद अंसारी उर्फ सईद दीवान, दुद्धी कोतवाली में दीवान रह चुके थे और जामा मस्जिद के पूर्व सदर भी रहे हैं। यह मकान शिवाजी तालाब से लगभग 300 मीटर की दूरी पर धनौरा रोड पर स्थित है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर कितनी नकदी और कौन-कौन से सामान लेकर गए हैं। शमीम अंसारी ने बताया कि उनकी बहन के घर लौटने के बाद ही चोरी गए सामानों का सही विवरण मिल सकेगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









