सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी कमल नयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने “लुटेरी दुल्हन गैंग” के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी कृष्णानन्द मौर्य उम्र 28 वर्ष पुत्र रणजीत सिंह मौर्य निवासी ग्राम बहुआरा थाना रॉबर्ट्सगंज है। उसके कब्जे से ₹90,000 नकद और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (UP64Q3123) बरामद किया गया। राजस्थान निवासी रमेश कुमार पुत्र अजुबा राम की शिकायत पर थाना म्योरपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि गिरोह के सदस्यों ने झूठे विवाह का झांसा देकर उससे लाखों रुपये ठगे और लूटपाट कर फरार हो गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह “लुटेरी दुल्हन गैंग” का सदस्य है। गिरोह का सरगना राजू माली (राजस्थान निवासी) विवाह के नाम पर वर पक्ष से संपर्क करता था और नकली शादी रचाकर रुपये तथा आभूषण लूट लेता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों माया घसिया, रानी घसिया और रवि रंजन मौर्य के साथ मिलकर रमेश कुमार से धोखाधड़ी की थी। 29 अक्तूबर 2025 को बोलेरो वाहन में नकली शादी कर पीड़ित से ₹10,000 नकद, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूट ली गई थी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमल नयन दूबे, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल मनोज कन्नौजा व रामजीत बिंद शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









