– विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की रखी मांग, निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी
सोनभद्र। भारतीय किसान यूनियन (राजनैतिक) अंबावता गुट के पदाधिकारियों ने आज दिनांक 06 नवंबर 2025 को जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश, मंडल, जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। ज्ञापन में क्षेत्र की अनेक जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई। नगर पंचायत चोपन प्रीत नगर वार्ड नंबर 8 में प्रयागराज के घर के पास वर्षों से खराब पड़ी नाली को तत्काल बनवाया जाए, जिससे दुर्गंध और बदबू से राहत मिल सके। अजय ट्रांसपोर्ट के पास नई नाली का निर्माण स्तरहीन ढंग से हुआ है, जिससे पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। ठेकेदार के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाए। नगर पंचायत क्षेत्र में टूटी-फूटी नालियों और खड़ंजा मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।कोटेदार अर्जुन सोनकर पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मांग की गई कि अपात्रों को राशन वितरण और बाजार में बिक्री की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।किसानों, गरीबों और मजदूरों का कर्ज तथा बिजली बिल माफ किया जाए। किसानों को बीज, खाद, यूरिया और डीएपी सही दरों पर उपलब्ध कराई जाए। वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन ₹5000 प्रति माह की जाए। जिन गांवों में चकबंदी नहीं हुई है, वहां शीघ्र चकबंदी कराई जाए तथा लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार द्वारा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न और भ्रष्टाचार न किया जाए। महिलाओं को संपूर्ण भारत में रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाए, जैसा कि दिल्ली राज्य में लागू है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आठ दिनों के भीतर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो भारतीय किसान यूनियन (अंबावता गुट) आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर राधा देवी (ब्लॉक अध्यक्ष चतरा), सरोज देवी (जिला उपाध्यक्ष चोपन), केदारनाथ (ब्लॉक अध्यक्ष छपका), हनुमान प्रजापति, गणेश (ब्लॉक अध्यक्ष नगवा), गुलाब पटेल, परमेश्वर प्रजापति (जिला सलाहकार), कमलेश मौर्य (जिला सचिव), अशोक विश्वकर्मा (सूचना मंत्री), रामजी ठाकुर (ब्लॉक अध्यक्ष) सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









