सोनभद्र। सोन नदी के तट पर बसे चोपन के सोनेश्वर महादेव मंदिर घाट पर सोमवार की शाम देव दीपावली के अवसर पर आस्था और आलोक का अद्भुत संगम देखने को मिला। घाट को हजारों दीपों से सजाया गया था। जैसे ही दीप प्रज्वलित हुए, पूरा घाट सुनहरी रोशनी से जगमगा उठा और माहौल अत्यंत मनमोहक बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ रहे। वहीं, विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, तथा अपर जिलाधिकारी वगीश कुमार शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जुगैल जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी ने की। शाम होते ही पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती की तर्ज पर सोन आरती प्रारंभ की गई, तो पूरा घाट “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। लगभग 11 हजार दीपों की ज्योति से नहाए सोन घाट का दृश्य देखते ही बन रहा था। घाट झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और पुष्प सजावट से पूरी तरह आलोकित था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाई जाती है। कहा जाता है कि इसी दिन भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसके उपलक्ष्य में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से यह पर्व देवताओं की दीपावली के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और गंगा की आराधना करने से समस्त पापों का नाश होता है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेंद्र केसरी, प्रदीप अग्रवाल, डंपु सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय केसरी, सुनील सिंह, अजय सिंह, सोनू मोदनवाल, राकेश मोदनवाल सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा। घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। हर कोई इस दिव्य नजारे को अपने कैमरे में कैद करता नजर आया।
Author: Pramod Gupta
Hello









