सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत धोरपा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने धान के खेत की निगरानी करने गए लालमुनि यादव 45 वर्ष पुत्र स्वर्गीय तपसी यादव, निवासी बिछियहवामर टोला, की खेत में गिरे 11,000 वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मौके पर पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप गुप्ता ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि, धोरपा ग्राम पंचायत में अमवार फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन तारें जर्जर हालत में हैं। विभागीय लापरवाही के कारण आज लालमुनि यादव की जान चली गई। कई बार शिकायत करने के बावजूद तारों की मरम्मत या नवीनीकरण नहीं किया गया।उन्होंने आगे कहा कि मृतक के पीछे पत्नी और तीन पुत्र प्रिंस कुमार (12), मुलायम कुमार (17) और आनंद कुमार (8) हैं, जिनके भरण- पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने बिजली विभाग से मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello








