सोनभद्र। एक भारत श्रेष्ठ भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 6 नवम्बर को आयोजित होने वाली राबर्ट्सगंज विधानसभा पदयात्रा की तैयारी को लेकर विधानसभा क्षेत्र के तीनों मंडलों में अलग-अलग स्थानों पर बैठकें सम्पन्न हुईं। चुर्क मंडल की बैठक एक निजी विद्यालय चतरा चट्टी में आयोजित हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे उपस्थित रहे। वहीं चतरा मंडल की बैठक रामगढ़ बाजार स्थित आदिशक्ति मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा एवं जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इसके अतिरिक्त नगवां मंडल की बैठक ब्लॉक सभागार नगवां में हुई, जहां भूपेश चौबे और रमेश मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। बैठकों में आगामी 6 नवम्बर की पदयात्रा की समीक्षा एवं रणनीति तय की गई। साथ ही राबर्ट्सगंज विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्षों को सरदार पटेल जी के चित्र वितरित किए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि यह पदयात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा लगभग 8 किलोमीटर की होगी, हर पड़ाव पर सभा तथा अंत में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा ने कहा कि रामगढ़ बाजार से चतरा बाजार तक की 8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में युवा, महिलाएं, किसान, व्यापारी व समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए मंडल स्तर पर योजनाबद्ध तैयारी की जा रही है। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि यह संस्कार, सेवा और समर्पण का आंदोलन है। बैठकों में प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, कृष्णमुरारी गुप्ता, संतोष शुक्ला, अमरेश पटेल, अनूप तिवारी, मनोज सोनकर, योगेन्द्र बिन्द, दिलिप चौबे, लक्षनदेव खरवार, ओमप्रकाश यादव, सुबाश पाठक, धनंजय दूबे, जयराम वर्मा, जितेन्द्र सिंह, सहित तीनों मंडलों के शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









