December 12, 2025 6:26 am

कुड़वा में फैली गंदगी से नाराज़ ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन

– त्योहार के मौके पर भी नहीं हुई सफाई, अधिकारियों पर उठे सवाल

सोनभद्र कोन (मुन्ना लाल जायसवाल) विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत कुड़वा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। शनिवार की सुबह सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तुमियां चौराहे पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि छठ जैसे प्रमुख पर्व के बावजूद अब तक गांव में सफाई नहीं कराई गई। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिनसे बदबू फैल रही है और बीमारी का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में सफाईकर्मी नियुक्त हैं, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय या तो घर पर रहते हैं या जनप्रतिनिधियों के निजी कामों में लगे रहते हैं। स्थानीय निवासी रामेश्वर चेरो ने बताया कि तुमियां चौराहे पर बने कूड़ा घर में इतना कचरा भर गया है कि अब वह सड़क तक फैल चुका है। दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने स्वच्छता अभियान के तहत हर ग्राम पंचायत को कूड़ा वाहन उपलब्ध कराया है, लेकिन कुड़वा में उसका इस्तेमाल निजी कार्यों में किया जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। समाजसेवी गंगा प्रसाद यादव की अगुवाई में ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और लापरवाह सफाईकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में गंगा प्रसाद, रामेश्वर चेरो, रामदेव चेरो, विजय गुप्ता, रीना देवी, कमला देवी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।इस संबंध में सहायक खंड विकास अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!