सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के मारकुंडी घाटी स्थित वीर लोरिक पत्थर स्थल पर बुधवार को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में गोवर्धन पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में यादव समाज के लोग एकत्र हुए और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाला क्षण तब आया जब पुजारी राजेन्द्र यादव ने खौलते दूध से स्नान किया। जैसे ही उन्होंने दूध से स्नान प्रारंभ किया, उपस्थित श्रद्धालु स्तब्ध रह गए। पुजारी ने न केवल शरीर पर उबलते दूध को डाला बल्कि अपना सिर भी दूध के मटके में डालकर स्नान किया। इस अद्भुत दृश्य को देखकर लोग हैरान रह गए और कई श्रद्धालुओं ने दांतों तले उंगलियां दबा लीं। पुजारी राजेन्द्र यादव का कहना है कि यह परंपरा कई वर्षों पुरानी है।
उनका विश्वास है कि भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा और गहन आस्था की शक्ति से उन्हें खौलते दूध की गर्मी का कोई प्रभाव नहीं होता। हर वर्ष दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा के मौके पर यह आयोजन होता है। इस दौरान प्रमुख लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें सांसद छोटेलाल खरवार पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, और पूर्व सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे। पुजारी ने इस वर्ष कोई भविष्यवाणी नहीं की, उन्होंने कहा कि “समय आने पर भविष्यवाणी करेंगे”। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल, धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
Author: Pramod Gupta
Hello








