January 14, 2026 11:05 pm

निज़ामुद्दीन स्टेशन पर ‘बेल्ट युद्ध’ अनुशासन की पटरी से उतरती व्यवस्था

दिल्ली (समर सैम) उत्तर प्रदेश के बागपत का प्रसिद्ध “चाट युद्ध” तो देश की जनता को अब तक याद है, जब दो ठेले वाले अपनी चाट की दूकान को लेकर बीच सड़क पर भिड़ गए थे और वीडियो ने सोशल मीडिया पर तूफ़ान मचा दिया था। लेकिन अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर घटित हुआ “बेल्ट युद्ध” इस हास्यास्पद पर गंभीर घटना की याद ताज़ा कर गया है। फर्क बस इतना है कि इस बार झगड़ा चाट वालों में नहीं, बल्कि “वंदे भारत” जैसी प्रतिष्ठित ट्रेन के कर्मचारियों के बीच हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेन में तैनात दो कर्मचारियों के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुँच गया। स्थिति यहाँ तक बिगड़ी कि डस्टबिन, बेल्ट और मुक्कों का प्रयोग हथियारों की तरह किया गया, और देखते ही देखते स्टेशन प्लेटफ़ॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। यह दृश्य देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक पर दर्जनों यात्रियों के सामने घटा जहां अनुशासन, सेवा और शालीनता का प्रतीक माने जाने वाले कर्मचारी खुद नियंत्रण खो बैठे। यह घटना न केवल रेल प्रशासन की छवि पर धब्बा है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि इतनी प्रशिक्षित टीमों में भी संयम और संवाद की संस्कृति क्यों नहीं विकसित हो पा रही है। वंदे भारत जैसी हाई-टेक और सम्मानजनक ट्रेन का संचालन केवल तकनीकी दक्षता से नहीं, बल्कि मानसिक अनुशासन और व्यवहारिक शालीनता से भी जुड़ा है। रेल मंत्रालय को इस मामले को हल्के में नहीं लेना चाहिए। यदि कर्मचारियों में तनाव या असमान कार्यसंस्कृति है, तो काउंसलिंग और अनुशासनात्मक प्रशिक्षण की आवश्यकता है। यात्रियों को सेवा देने वाले ही यदि आपसी द्वेष और अहंकार में भिड़ने लगें, तो यह न केवल संस्थागत कमजोरी बल्कि सार्वजनिक भरोसे का भी संकट बन जाता है। बेल्ट युद्ध का यह वीडियो शायद कुछ लोगों को मनोरंजक लगे, लेकिन असल में यह हमारी सार्वजनिक व्यवस्था की गंभीर गिरावट का प्रतीक है, जहाँ वर्दी तो रह गई है, मगर मर्यादा गायब होती जा रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!