सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) विंढमगंज वन रेंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोर्गी वन ब्लॉक में अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने रेंजर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए लकड़ी लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़कर सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, कोर्गी वन ब्लॉक में फैले विशाल जंगलों में जामुन, अर्जुन, आसन और साखू जैसे हरे पेड़ों की नई टहनियों (साख तरासी) को काटकर कोर्गी बालू साइड पर सड़क निर्माण के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। वन अधिनियम 1927 की धारा 5/26 तथा वन उपज अभीवहन नियमावली 1978 की धारा 41/42 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया। मौके से ट्रैक्टर चालक चंदन कुशवाहा व अवधेश कुशवाहा पुत्र बाऊल कुशवाहा, अनिल कुशवाहा पुत्र जवाहर कुशवाह निवासी कोर्गी भागने में सफल रहे। वन दरोगा अवधेश प्रसाद ने बताया कि ग्राम पंचायत कोर्गी में कनहर नदी किनारे बालू बिक्री साइड खुलने के बाद वहां तक जाने के लिए ठेकेदारों द्वारा रास्ते बनाए जा रहे हैं। इसी बहाने गांव के कुछ लोग वन क्षेत्र से अवैध रूप से नई वृक्षों की कटाई कर रहे थे। इस सूचना पर कार्रवाई की गई। इस दौरान वन दरोगा कन्हैया लाल, वनरक्षक रविंद्र कुमार यादव तथा पंकज कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









