– राष्ट्रीय लोक दल कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले राष्ट्रीय महासचिव, कहा संगठन बूथ स्तर तक तैयार, पंचायत चुनाव में मजबूती से लड़ेगा लोकदल
सोनभद्र। चतरा विकास खंड के रैयागोसाईं गांव में आयोजित राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।सोनभद्र पहुंचने पर अनिल दुबे ने सिंचाई विभाग डाक बंगला परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और तत्पश्चात नगर स्थित लोकदल कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली और सम्मान ही राष्ट्रीय लोक दल का प्रमुख एजेंडा रहा है, है और रहेगा। उन्होंने बताया कि “एनडीए सरकार द्वारा किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर देश के सभी किसानों को सम्मानित किया गया है। रालोद एनडीए सरकार में रहकर किसानों और कामगारों की आवाज को मजबूती से उठा रहा है।” बिहार विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर दुबे ने कहा कि “बिहार में रालोद एनडीए का समर्थन करेगा, जबकि यूपी पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी।” पत्रकार वार्ता के बाद अनिल दुबे विधानसभा अध्यक्ष विनोद मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में स्थानीय किसानों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही। अनिल दुबे ने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक पूरी मजबूती से तैयार है और पंचायत चुनाव में “अकेले लड़ने की हुंकार” भर चुका है। उन्होंने कहा कि “एनडीए सरकार ने विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए हैं और रालोद अपने कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय अभियान चला रही है।” उन्होंने आगे बताया कि कौशल विकास मंत्रालय के माध्यम से पार्टी अध्यक्ष जयंत सिंह चौधरी के नेतृत्व में युवाओं और कामगारों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि “सोनभद्र की धरती पर राष्ट्रीय लोक दल को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। किसानों, नौजवानों और महिलाओं में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है।” उन्होंने कहा कि “रालोद किसान, मजदूर और आमजन के सम्मान की राजनीति करता है, और आगामी पंचायत चुनाव में सोनभद्र निर्णायक भूमिका निभाएगा।” कार्यकर्ता सम्मेलन में किसानों ने राष्ट्रीय महासचिव को क्षेत्र की सिंचाई, खाद-बीज आपूर्ति और सड़कों की जर्जर स्थिति जैसी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने जसौली सिंचाई परियोजना के निर्माण, नहरों की मरम्मत व सफाई तथा भ्रष्टाचार मुक्त विकास कार्यों की मांग की। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी समित मिश्रा (सन्नी) ने किया तथा अंत में जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महासचिव मुरली सिंह चौहान, महासचिव रोहित सिंह, जिला सचिव विजय भारती, अनुसूचित प्रकोष्ठ के ओमप्रकाश भारती, किसान प्रकोष्ठ के बृजनंदन मौर्य, सुनील गुप्ता, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रशांत सिंह, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ महासचिव विवेक चतुर्वेदी, राजकुमार मिश्रा, पवन मिश्रा ग्राम प्रधान ऐलाई, अलोपी चंद्र अग्रवाल, राकेश कुमार मिश्रा, राजाराम मौर्य, विजय मिश्रा, सोमनाथ भारती, रजिंदर कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
Author: Pramod Gupta
Hello









